छत्तीसगढ़

सेवा संकल्प अभियान: नागरिक सुविधा का मॉडल बना रायगढ़ का पंजीयन कार्यालय

हेल्प डेस्क, टोकन सिस्टम और डिजिटल भुगतान से आसान हुई पंजीयन प्रक्रिया, औसत प्रतीक्षा समय 15.33 मिनट

रायपुर, 19 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व और वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी की पहल से रायगढ़ के पंजीयन कार्यालय को आधुनिक सुविधाओं से युक्त मॉडल पंजीयन कार्यालय के रूप में विकसित किया गया है। सेवा संकल्प अभियान के तहत यहां पंजीयन प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और नागरिक-केंद्रित बनाया गया है।

संपत्ति की रजिस्ट्री जैसी महत्वपूर्ण प्रक्रिया के दौरान नागरिकों को अनावश्यक परेशानी और बार-बार कार्यालय आने से बचाने के लिए पूरी व्यवस्था को चरणबद्ध और व्यवस्थित किया गया है।

प्रवेश से पंजीयन तक हर चरण में सुविधा

कार्यालय में प्रवेश के साथ ही नागरिकों के मार्गदर्शन के लिए हेल्प डेस्क और रिसेप्शन की व्यवस्था की गई है। दस्तावेजों की प्रारंभिक जांच यानी प्री-चेक की सुविधा से कमियों की जानकारी शुरुआती चरण में ही मिल जाती है। इससे अंतिम समय में होने वाली परेशानियों और समय की बचत होती है।

भीड़ को व्यवस्थित करने के लिए टोकन आधारित कतार प्रबंधन प्रणाली लागू की गई है। वहीं मुद्रांक शुल्क, पंजीयन शुल्क और आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी बोर्ड एवं डिजिटल डिस्प्ले के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही है।

डिजिटल भुगतान से बढ़ी पारदर्शिता

पंजीयन कार्यालय में डिजिटल और कैशलेस भुगतान की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इससे लेन-देन की प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और सुविधाजनक हुई है।

कार्यालय में प्रतिदिन औसतन 64 नागरिकों को सेवाएं मिल रही हैं, जबकि औसतन 16 दस्तावेजों का प्रतिदिन पंजीयन किया जा रहा है। नागरिकों का औसत प्रतीक्षा समय 15.33 मिनट दर्ज किया गया है। अब तक प्राप्त फीडबैक में 105 सकारात्मक नागरिक प्रतिक्रियाएं भी दर्ज की गई हैं।

पूरी प्रक्रिया को 9 चरणों में किया गया व्यवस्थित

मॉडल पंजीयन कार्यालय में नागरिकों की पूरी प्रक्रिया को 9 चरणों में व्यवस्थित किया गया है। इसमें कार्यालय में प्रवेश, हेल्प डेस्क से मार्गदर्शन, दस्तावेजों का प्री-चेक, टोकन प्राप्त करना, व्यवस्थित प्रतीक्षा, पंजीयन प्रक्रिया, डिजिटल अथवा कैशलेस भुगतान, दस्तावेज एवं स्टेटस की जानकारी और कार्य पूर्ण होने के बाद सम्मानजनक निकास शामिल है।

वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों के लिए विशेष व्यवस्था

नागरिकों की सुविधा के लिए कार्यालय में वातानुकूलित प्रतीक्षालय, आरामदायक लाउंज, चार्जिंग स्टेशन, स्वच्छ पेयजल और शौचालय जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों के लिए विशेष सहायता की व्यवस्था भी की गई है।

नागरिक अपने अनुभव और सुझाव क्यूआर कोड के माध्यम से सीधे साझा कर सकते हैं।

तकनीक के साथ कार्यसंस्कृति में भी बदलाव

मॉडल पंजीयन कार्यालय में सेवाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए समर्पित सर्वर रूम और मजबूत आईटी अधोसंरचना विकसित की गई है। यहां आधुनिक तकनीक के साथ सरल प्रक्रिया, पारदर्शिता, जवाबदेही और नागरिकों के प्रति संवेदनशील व्यवहार पर भी जोर दिया गया है।

रायगढ़ का मॉडल पंजीयन कार्यालय यह दर्शाता है कि तकनीक, सुव्यवस्थित प्रक्रियाओं और नागरिक-केंद्रित कार्यसंस्कृति के माध्यम से सरकारी सेवाओं को अधिक सरल, पारदर्शी और सुविधाजनक बनाया जा सकता है। सेवा संकल्प अभियान के तहत यह पहल नागरिकों के समय का सम्मान करने और उन्हें बेहतर सेवा अनुभव देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम के रूप में सामने आई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button