Uncategorized

चक्रधर समारोह में सजेगी सुर, ताल और संस्कृति की दस दिवसीय महफिल

कविता कृष्णमूर्ति, जान कुमार सानू, अनुज शर्मा, भारती बंधु और इंडियन आइडल फेम कलाकार देंगे प्रस्तुतियां

रायपुर, 10 सितम्बर 2026। महाराजा चक्रधर सिंह की कला-साधना और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को समर्पित 41वें अंतर्राष्ट्रीय चक्रधर समारोह-2026 का आयोजन रायगढ़ के रामलीला मैदान में 14 से 23 सितम्बर तक किया जाएगा। दस दिवसीय इस सांस्कृतिक महाकुंभ में देश-प्रदेश के नामचीन कलाकारों के साथ स्थानीय प्रतिभाएं भी अपनी प्रस्तुतियों से कला और संस्कृति के विविध रंग बिखेरेंगी।

हर दिन शाम 6 बजे से शुरू होने वाली सांस्कृतिक संध्याओं में शास्त्रीय नृत्य, छत्तीसगढ़ी लोककला, पंडवानी, लोकसंगीत, कबीर भजन, गजल, वाद्य वादन और गायन की प्रस्तुतियां होंगी। पद्मश्री सम्मानित कलाकारों के साथ इंडियन आइडल फेम कलाकार भी समारोह का आकर्षण बढ़ाएंगे।

संस्कृति विभाग, छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल एवं जनसहयोग से जिला प्रशासन द्वारा आयोजित इस समारोह में प्रत्येक शाम अलग-अलग कला विधाओं की प्रस्तुतियां देखने को मिलेंगी।

गणेश वंदना और पंडवानी से होगा शुभारंभ

14 सितम्बर को श्री वेदमणि सिंह ठाकुर के शिष्यों द्वारा गणेश वंदना से समारोह का शुभारंभ होगा। इसके बाद पद्मश्री अनुज शर्मा लोक कला एवं संगीत की प्रस्तुति देंगे। पद्मश्री डॉ. उषा बारले पंडवानी की प्रस्तुति देंगी।

15 सितम्बर को निशित गंगानी का तबला वादन, टी. लक्ष्मी रेड्डी की कुचिपुड़ी, स्टार्क सोसाइटी बाड़मेर की राजस्थानी लोक प्रस्तुति, तरुणा साहू एवं समूह की पंडवानी तथा माधवरस बैंड का भजन गायन होगा।

16 सितम्बर को मौमाला नायक कथक, भूपेन्द्र साहू एवं समूह छत्तीसगढ़ी लोकनृत्य, डॉ. यास्मीन सिंह एवं समूह तथा विभूति शर्मा कथक और पायल साहू एवं समूह लोककला की प्रस्तुति देंगे।

शास्त्रीय नृत्य की विविध विधाओं का संगम

17 सितम्बर को बादल-बस्तर अकादमी ऑफ डांस, आर्ट्स एवं लिटरेचर लोक कला एवं संगीत प्रस्तुत करेगी। मधुमिता रॉय मिश्रा कथक, जान्हवी बेहरा ओडिसी तथा शिवरंजनी हरीश एवं कलार्पणा नृत्य समूह द्वारा पद्म भूषण शोभना के शिष्यगण भरतनाट्यम की प्रस्तुति देंगे। शिव शक्ति कला संस्थान कथक प्रस्तुत करेगा।

18 सितम्बर को डॉ. मंजू इलंगबम मणिपुरी नृत्य, पद्मश्री भारती बंधु कबीर भजन, श्वेता नायक एवं समूह कुचिपुड़ी तथा अनुराग शर्मा लोकसंगीत प्रस्तुत करेंगे।

19 सितम्बर की शाम ओडिसी और काव्य को समर्पित होगी। गौरी शंकर दाश एवं रीला होता ओडिसी प्रस्तुत करेंगे, जबकि पद्मश्री सुरेन्द्र शर्मा एवं अन्य कलाकार काव्य संध्या में हास्य और साहित्य का रंग भरेंगे।

इंडियन आइडल फेम अमित साना होंगे खास आकर्षण

20 सितम्बर को बी. साहू एवं समूह गोटीपुआ नृत्य प्रस्तुत करेंगे। इंडियन आइडल फेम अमित साना गायन की प्रस्तुति देंगे। पद्मश्री रामलाल बरेठ के निर्देशन में भूपेन्द्र बरेठ एवं समूह कथक प्रस्तुत करेंगे।

21 सितम्बर को रूद्रशंकर सिन्हा बनारस घराने का कथक, सोनू गुप्ता एवं समूह लोकगीत, वांसती वैष्णव एवं समूह कथक तथा त्रिवेणी संगम द्वारा संतूर, पखावज और तबला वादन प्रस्तुत किया जाएगा। संस्कार कला संघ की नृत्य नाटिका और नृत्यांजलि की कथक प्रस्तुति भी होगी।

22 सितम्बर को गुरु कोट्टक्कल नंदकुमारन नायर कथकली, दीक्षा रथ ओडिसी और प्रो. डॉ. लवली शर्मा सितार वादन प्रस्तुत करेंगी। पुनरिक साहू-लहरंगगा लोकसंगीत तथा रायगढ़ के राकेश शर्मा सूफी गायन और गजल से शाम को सुरमयी बनाएंगे।

कविता कृष्णमूर्ति और जान कुमार सानू के सुरों से होगा समापन

23 सितम्बर को दस दिवसीय समारोह का भव्य समापन होगा। देश की सुप्रसिद्ध पद्मश्री गायिका कविता कृष्णमूर्ति अपनी सुरमयी प्रस्तुति देंगी। उनके साथ जान कुमार सानू भी गायन की प्रस्तुति देंगे।

कला और संस्कृति का प्रमुख केंद्र बनेगा रायगढ़

41वां चक्रधर समारोह केवल सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन नहीं, बल्कि महाराजा चक्रधर सिंह की कला-साधना, संगीत एवं नृत्य के प्रति उनके समर्पण और छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण मंच है।

स्थानीय कलाकारों को देश के प्रतिष्ठित कलाकारों के साथ एक ही मंच पर प्रस्तुति का अवसर मिलना समारोह की विशेष उपलब्धि है। 14 से 23 सितम्बर तक आयोजित यह समारोह रायगढ़ को दस दिनों तक सुर, ताल, नृत्य और लोकपरंपराओं के भव्य उत्सव में बदल देगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button