अंबिकापुर में अग्र महाकुंभ-2026 का आगाज, CM साय ने किया ट्रेड फेयर का शुभारंभ

‘अग्रकुल दर्शन’ पत्रिका का विमोचन, CM साय बोले- प्रदेश की आर्थिक और सामाजिक प्रगति में अग्रवाल समाज की अहम भूमिका
रायपुर, 19 सितंबर 2026। अंबिकापुर में दो दिवसीय अग्र महाकुंभ-2026 का शनिवार को मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर आयोजित ट्रेड फेयर का उद्घाटन किया और ‘अग्रकुल दर्शन’ पत्रिका का विमोचन किया।
मुख्यमंत्री ने अग्रवाल समाज की उद्यमिता, दानशीलता और समाजसेवा की परंपरा की सराहना करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की आर्थिक और सामाजिक प्रगति में समाज का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि व्यापार और व्यवसाय के साथ उद्योगों की स्थापना, रोजगार सृजन और जनसेवा के क्षेत्र में भी समाज की सक्रिय भूमिका रही है।
महाराजा अग्रसेन के आदर्शों का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने महाराजा अग्रसेन जी के सामाजिक समानता, सहयोग और सहभागिता के विचारों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि समाज की वास्तविक प्रगति तभी संभव है, जब सक्षम लोग जरूरतमंदों का हाथ थामें और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराएं।
उन्होंने कोरोना काल के दौरान अग्रवाल समाज द्वारा जरूरतमंदों को राशन, ऑक्सीजन और स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने जैसे कार्यों का भी उल्लेख किया।
8.23 लाख करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव
मुख्यमंत्री ने राज्य में निवेश और रोजगार को लेकर कहा कि छत्तीसगढ़ को अब तक लगभग 8 लाख 23 हजार करोड़ रुपए से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि इन प्रस्तावों के धरातल पर आने से औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार के साथ रोजगार के नए अवसर भी तैयार होंगे।
उन्होंने बताया कि राज्य की औद्योगिक नीति 2024-30 को रोजगार केंद्रित बनाया गया है। इसमें MSME और महिलाओं सहित विभिन्न वर्गों के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं। पर्यटन को भी उद्योग का दर्जा दिया गया है।
500 करोड़ रुपए का स्टार्टअप मिशन
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं में उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए ‘मुख्यमंत्री स्टार्टअप एवं निपुण मिशन’ को मंजूरी दी गई है। इसके लिए आगामी पांच वर्षों में 500 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है।
मिशन के तहत प्रदेश के सभी 33 जिलों में उद्यमिता विकास केंद्र, 100 इमर्जिंग टेक्नोलॉजी लैब और 5 इंडस्ट्री सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित किए जाने की योजना है।
इसके साथ ही छत्तीसगढ़ निर्यात प्रोत्साहन नीति 2026-30 के माध्यम से स्थानीय उत्पादों, छोटे उद्योगों तथा मूल्य संवर्धित कृषि एवं औद्योगिक उत्पादों को बड़े बाजारों से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है।
सरगुजा में पर्यटन और स्थानीय उद्योगों की संभावनाएं
मुख्यमंत्री ने सरगुजा अंचल में पर्यटन, कृषि आधारित उद्योग, खाद्य प्रसंस्करण और स्थानीय उत्पादों के क्षेत्र में मौजूद संभावनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने अग्रवाल समाज के उद्यमियों से इन क्षेत्रों में निवेश कर युवाओं और छोटे उद्यमियों को आगे बढ़ाने में सहयोग करने का आह्वान किया।
उन्होंने अग्र महाकुंभ में स्वास्थ्य और योग से जुड़े कार्यक्रमों को शामिल किए जाने की भी सराहना की।
‘दशम अग्र अलंकरण’ से प्रतिभाओं का सम्मान
कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं को ‘दशम अग्र अलंकरण’ से सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने सम्मानित विभूतियों को बधाई देते हुए कहा कि प्रतिभाओं का सम्मान नई पीढ़ी को बेहतर कार्य के लिए प्रेरित करता है।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने अग्र महाकुंभ को सामाजिक उत्तरदायित्व, संगठन शक्ति और भविष्य की दिशा पर विचार करने का अवसर बताया।
ट्रेड फेयर में पहुंचे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कार्यक्रम स्थल पर लगाए गए ट्रेड फेयर का फीता काटकर शुभारंभ किया। उन्होंने विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन कर उद्यमियों से उनके उत्पादों और गतिविधियों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने ‘अग्रकुल दर्शन’ पत्रिका का विमोचन भी किया।
कार्यक्रम में सरगुजा सांसद चिंतामणी महाराज, बसना विधायक संपत अग्रवाल, छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष संजय अग्रवाल, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, पूर्व कैबिनेट मंत्री अमर अग्रवाल सहित अग्रवाल समाज के राष्ट्रीय एवं प्रांतीय पदाधिकारी, समाजसेवी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
