छत्तीसगढ़ में हॉकी को नया मंच मिलने जा रहा है। राज्य में पहली बार छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का आयोजन होने जा रहा है, जिसमें प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों की छह टीमें आमने-सामने होंगी। खास बात यह है कि इसे हॉकी इंडिया लीग की तर्ज पर प्रोफेशनल फॉर्मेट में आयोजित किया जाएगा। आयोजकों के मुताबिक, यह देश में किसी राज्य स्तर पर होने वाली पहली हॉकी लीग होगी।
राजधानी रायपुर के सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में लीग के मुकाबले प्रस्तावित हैं। पहला सीजन 21 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 के बीच खेले जाने की तैयारी है।

6 टीमों के बीच होगा मुकाबला
पहले सीजन में छत्तीसगढ़ के अलग-अलग क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करने वाली छह टीमें मैदान में उतरेंगी। इनमें राजधानी रॉयल्स, चित्रकूट चैलेंजर्स, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स, चक्रधर चैंपियंस, न्यायधानी नाइट्स और मैनपाट टाइटन्स शामिल हैं।
टूर्नामेंट के दौरान सभी टीमें लीग चरण में मुकाबले खेलेंगी। अंक तालिका में जगह बनाने वाली शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी और इसके बाद फाइनल में चैंपियन का फैसला होगा।
प्रदेश के खिलाड़ियों को मिलेगा बड़ा मौका
इस लीग की सबसे बड़ी खासियत स्थानीय खिलाड़ियों को मिलने वाला एक्सपोजर है। युवा हॉकी खिलाड़ी सिर्फ प्रदेश की टीमों के साथ नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्तर के अनुभवी खिलाड़ियों के साथ मैदान साझा कर सकेंगे। इससे उन्हें तेज और प्रतिस्पर्धी हॉकी का अनुभव मिलने की उम्मीद है।
उप मुख्यमंत्री और खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने कहा कि लीग छत्तीसगढ़ की हॉकी प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और उन्हें राष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करने में मदद करेगी।
छत्तीसगढ़ की हॉकी से पुरानी पहचान रही है और राज्य ने कई बेहतरीन खिलाड़ी देश को दिए हैं। ऐसे में लीग को स्थानीय प्रतिभाओं के लिए आगे बढ़ने के नए रास्ते के तौर पर देखा जा रहा है।

बघवा होगा लीग का शुभंकर
लीग के लोगो, टैगलाइन और शुभंकर का भी अनावरण किया गया है। इसका लोगो छत्तीसगढ़ के नक्शे पर आधारित है, जबकि टैगलाइन “चलव रे संगी, हॉकी खेलबो” रखी गई है।
लीग का शुभंकर ‘बघवा’ है, जो बाघ के रूप में तैयार किया गया है। इसे छत्तीसगढ़ की वन्य संपदा के साथ-साथ साहस, ताकत और जुझारूपन से जोड़ा गया है।

मैच देखने के लिए नहीं लगेगा टिकट
हॉकी के साथ दर्शकों के मनोरंजन का भी ध्यान रखा गया है। टूर्नामेंट के दौरान मुकाबलों के साथ रोजाना मनोरंजन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सबसे बड़ी बात यह है कि सभी मैचों में दर्शकों की एंट्री फ्री रहेगी।
आयोजकों की उम्मीद है कि इससे स्टेडियम में युवाओं और हॉकी प्रेमियों की भागीदारी बढ़ेगी और छत्तीसगढ़ में हॉकी को लेकर नया माहौल तैयार होगा।



