अपराधछत्तीसगढ़

गाय पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर बिलासपुर में हंगामा, थाना परिसर में पथराव

सोशल मीडिया पोस्ट की शिकायत करने पहुंचे थे लोग, स्थिति संभालने अतिरिक्त पुलिस बल तैनात

बिलासपुर, 29 अगस्त 2026। गाय को लेकर सोशल मीडिया पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में शुक्रवार शाम बिलासपुर के कोतवाली थाना परिसर में हंगामा हो गया। शिकायत करने पहुंचे लोगों के बीच विवाद बढ़ने के बाद दोनों पक्षों की ओर से पथराव किए जाने की सूचना है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को अतिरिक्त बल बुलाना पड़ा।

जानकारी के मुताबिक, हिंदू संगठन से जुड़े कुछ लोग सोशल मीडिया पर की गई कथित टिप्पणी की शिकायत लेकर कोतवाली थाने पहुंचे थे। उनका आरोप था कि सोहेल खान के नाम से संचालित सोशल मीडिया अकाउंट से गाय को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की गई है।

शिकायत के दौरान भीड़ के बीच अचानक विवाद की स्थिति बन गई। इसी दौरान किसी व्यक्ति की ओर से पत्थर फेंके जाने के बाद दूसरे पक्ष की ओर से भी पथराव शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद थाना परिसर तक पहुंच गया और दोनों पक्षों के बीच ईंट-पत्थर चलने लगे।

स्थिति नियंत्रित करने पहुंचा अतिरिक्त पुलिस बल

घटना की सूचना मिलते ही शहर के अन्य थानों से अतिरिक्त पुलिस बल को कोतवाली थाना बुलाया गया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और भीड़ को समझाकर स्थिति सामान्य करने का प्रयास किया।

स्थिति काबू में नहीं आने पर पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को तितर-बितर किया।

CCTV फुटेज से उपद्रवियों की पहचान

घटना के बाद कोतवाली थाना और आसपास के क्षेत्र में पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई। पुलिस अधिकारियों ने मौके का जायजा लेकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई।

पुलिस सोशल मीडिया पर की गई कथित टिप्पणी की भी जांच कर रही है। जांच के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि टिप्पणी किस अकाउंट से की गई और उसके पीछे की वास्तविक स्थिति क्या है।

वहीं, थाना परिसर में पथराव और उपद्रव करने वालों की पहचान के लिए CCTV फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button